मुजफ्फरनगर। जिले के दो विधायकों अवतार भड़ाना और विजय कश्यप को अपनी निधि का पैसा खर्च करने की भी फुर्सत नहीं है। वहीं, उमेश मलिक और प्रमोद ऊटवाल ऐसे विधायक है, जिन्होंने सबसे पहले प्रस्ताव देकर पैसा खर्च किया।
विकास कार्यों के लिए प्रत्येक विधायक को निधि के रुप में प्रति वर्ष डेढ़ करोड़ रुपया मिलता है। प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 31 मार्च से पहले यह पैसा खर्च करना होता है। इस समय मार्च का महीना चल रहा है। जिले के दो विधायक ऐसे हैं जो अपनी विधायक निधि को ही भूल गए हैं। मीरापुर के विधायक अवतार भड़ाना अभी तक जिला परियोजना अधिकारी के कार्यालय में केवल 49 लाख 13 हजार के प्रस्ताव ही दे सके हैं। इनका एक करोड़ से अधिक पैसा बिना प्रस्ताव के ही पड़ा है। चरथावल विधायक विजय कश्यप भी मात्र 38 लाख 23 हजार 500 रुपये के प्रस्ताव दे सके हैं। ऐसे दो विधायक हैं जिनके सभी प्रस्ताव जा चुके हैं। वहीं, दूसरी तरफ बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक और पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊटवाल अपनी निधि का समस्त पैसा खर्च कर चुके हैं। शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल की निधि में अभी 11 लाख बचा है और खतौली विधायक विक्रम सैनी की निधि में 50 लाख बचा है। इन दोनों विधायकों के बाकी पैसे के प्रस्ताव आ चुके हैं इस कारण 31 मार्च से पहले पैसा खर्च करने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
सीसी रोड पर सबसे ज्यादा खर्च
मुजफ्फरनगर। विधायकों ने अपनी निधि का सबसे ज्यादा पैसा सीसी रोड पर खर्च किया है। इसके अलावा नाली, बारात घर और कुछ स्कूलों में भी पैसा दिया है।
क्या बोले विधायक
मुजफ्फरनगर। मीरापुर विधायक अवतार भड़ाना का निधि को लेकर कहना है कि उन्होंने प्रस्ताव दे दिया है। विभाग में पहुंच जायेगा। चरथावल विधायक विजय कश्यप का कहना है कि प्रस्ताव तैयार है विभाग को दिए जा रहे हैं।