खतौली। सहकारी गन्ना विकास समिति की पहली बोर्ड बैठक में पटल पर रखे गए सभी चार प्रस्ताव को आम सहमति से पारित किया गया। शुक्रवार को गन्ना समिति में बोर्ड की बैठक आहूत की गई। इसमें रखे गए चार प्रस्ताव बिना किसी बाधा के पास किए गए। किसानों के लिए एक हजार ह्यूम पाइप मंगवाने के अलावा गन्ना इंडेंट संबंधी इंचार्ज संचालक रामनिवास को बनाया गया, जो प्रतिदिन इस पर नजर रखेंगे। संचालक प्रवेश लटूरे ने शुगर मिल केन यार्ड में सफाई तथा किसानों के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों को गन्ना पर्ची जमा कराने से छुटकारा मिल गया। अब मिल का एक कर्मचारी समिति कार्यालय में बैठ कर पर्ची पर डेट डालेगा। जनवरी 2018 तक समिति के हुए खर्चे स्वीकार करने पर भी विचार किया गया। बैठक में चेयरमैन ओमवीर सिंह, प्रशांत, कंवर सिंह, पुष्पा देवी, शुगर मिल के सीनियर केन मैनेजर भूपेंद्र सिंह, गेट इंचार्ज एके सिंह, समिति सचिव सुभाष यादव, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक विश्वामित्र पाठक आदि मौजूद रहे।