कुतुबपुर के अश्वनी का न्याय मंत्रालय में चयन
मुजफ्फरनगर। बरला क्षेत्र के गांव कुतुबपुर के अश्वनी ने केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय में राजपत्रित अधिकारी के रूप में उप विधायी परामर्शी के पद पर नियुक्ति पाई है। अश्वनी की नियुक्ति से परिवार में खुशी का माहौल है।
बरला इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा पास करने वाले स्वर्गीय ब्रहमपाल के पुत्र और पूर्व विधायक नंदराम के भतीजे अश्वनी ने ग्रेजुएट एसडी डिग्री से किया। एलएलबी डीएवी डिग्री से और एलएलएम की पढ़ाई सीसीएस यूनिवर्सिटी कैंपस से की। नेट की परीक्षा पास करने वाले अश्वनी 2003 से कचहरी में मांगा सिंह बंसल के अंडर में प्रेक्टिस करने के साथ पीसीएस जे और एपीओ की तैयारी कर रहे थे। विधिक माप विज्ञान में कार्यरत भाई सुनील और पत्नी अर्चना ने लगातार उनका उत्साहवर्द्धन किया। विधि एवं न्याय मंत्रालय में मात्र एक पोस्ट के लिए हजारों लोगों ने परीक्षा दी। नियुक्ति के लिए जब पत्र आया तो वह खुद भी आश्चर्य चकित रह गया। अकेली पोस्ट पर अश्वनी के चयन से परिवार के लोगों की खुशी का ठिकाना भी नहीं रहा। माता मंगलादेवी ने अपने बेटे को मिली नौकरी पर गांव में मिठाई बांटी। अश्वनी का कहना है कि बिना किसी सिफारिश के इतनी बड़ी नौकरी मिलने से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। वह अपनी नौकरी पूरी ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा के साथ करेगा।