छह बच्चों समेत 137 कोरोना संक्रमित, एक की मौत
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कुछ धीमी हुई है। लेकिन एक मौत का मामला भी सामने आया है। बृहस्पतिवार को जिले में 137 संक्रमण के केस मिले, इनमें पांच साल से कम उम्र के छह बच्चे भी शामिल हैं। सक्रिय केस की संख्या जिले में 1189 पर पहुंच गई। एक व्यक्ति की मौत के बाद अब मरने वालों की संख्या 271 पर पहुंच गई है।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम चार बजे तक मिली रिपोर्ट में 137 संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1402 लोगों की जांच कराई गई थी। पांच साल से कम उम्र के छह बच्चे संक्रमित मिले, जो होम आइसोलेशन में रखे गए हैं। इसके अलावा चार लोग अस्पताल में भर्ती है। स्वास्थ्य विभाग ने कांटेक्ट ट्रेसिंग का अभियान चलाया। लोगों को जागरूक किया गया। कोरोना से बचाव के लिए एहतियात बरतने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने शहर में छह जगह पर जांच की। सीएमओ ने एक व्यक्ति की कोरोना से मौत की पुष्टि की है।
आरटीपीसीआर से हुई 700 जांच
आरटीपीसीआर से जिले में बृहस्पतिवार को सात सौ जांच हुई, जबकि एंटीजन से 702 जांच कराई गई। 781 लोगों ने दो दिन में कोरोना संक्रमण को मात दी है।