मुजफ्फरनगर। विवेक विद्या मंदिर के किड्स टैलेंट शो में नन्हें-मुन्नों ने नाटकों एवं गीतों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। प्रेरक कहानियों का मंचन कर खूब वाहवाही लूटी।
शुक्रवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ चरथावल विधायक विजय कश्यप, विद्यालय प्रबंधक महेंद्र आचार्य व निदेशक विवेक कुमार ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके किया। छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय चिह्न अशोक चक्र, राष्ट्रीय पशु शेर, तिरंगा झंडा आदि का प्रदर्शन कर देशभक्ति से माहौल को ओतप्रोत कर दिया। उन्होंने रिंगा रिंगा रोज, व्हील ऑन द बस, शेर और खरगोश पर आधारित शिक्षाप्रद नाटिकाएं प्रस्तुत की। योग का भी प्रदर्शन किया गया। स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता का संदेश दिया। इस देश की माटी, आपस में प्रेम करो देश प्रेमियों, आदि देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। आचार्य महेंद्र ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्र-छात्राओं में छिपी प्रतिभा सामने आती है। कार्यक्रम का संचालन अनुराधा एवं एकता ने किया। प्रधानाचार्या प्रेमलता, माधवी, कीर्तिवर्धन, राजीव कुमार, नरेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।