हादसे में युवक की मौत, साथी गंभीर
मंसूरपुर। गांव पुरबालियान मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेरठ रैफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी कालू पुत्र बारू गांव के ही प्रवीण पुत्र तेजपाल के साथ बाइक से किसी काम से मंसूरपुर आया था। शनिवार की देर रात दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव के निकट काली नदी के पास पहुंचे, सामने से आती दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में कालू व प्रवीण दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां कालू को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि प्रवीण को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया।
दलित युवती से गैंगरेप के दोनों आरोपी गिरफ्तार
मंसूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव निवासी दलित युवती ब्यूटी पॉर्लर चलाती है। विगत रविवार को पॉर्लर संचालिका को दो युवक नशीला पदार्थ पिलाकर खतौली में गंगनहर पटरी मार्ग पर ले गए थे, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। बाद में आरोपी युवती को मंसूरपुर में छोड़कर फरार हो गए थे। इस मामले में एक नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने रविवार शाम गैंगरेप के आरोपियों महताब पुत्र हाशिम निवासी मंसूरपुर व गांव बोपाड़ा निवासी सर्वेश पुत्र नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
कॉलेज प्रबंध समिति के चुनाव संपन्न
तितावी। क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज अलीपुर खेड़ी में रविवार को प्रबंध समिति के चुनाव संपन्न हुए, जिसमें छह पदाधिकारी व दस सदस्यों का चुनाव किया गया। रविवार सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक हुए चुनाव कार्यक्रम में मतदान के दौरान कुल 806 मत डाले गए। 3.30 बजे मतगणना हुई, जिसके नतीजे घोषित करते हुए प्रबंधक पद पर राजेंद्र सिंह को विजयी घोषित किया गया। पैनल के छह में से पांच अन्य पदों पर भी प्रबंधक राजेंद्र सिंह के पैनल ने ही कब्जा किया।