बच्चों ने राधा-कृष्णा बनकर मचाया धमाल
मुजफ्फरनगर। शहर के स्कूल-कॉलेजों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने श्रीराधा-कृष्ण की वेश-भूषा धारण कर जमकर धमाल मचाया।
नीव इंटरनेशनल द्वारा अंसारी रोड स्थित स्कूल में जन्माष्टमी पर्व कार्टून चरित्र छोटा भीम की थीम पर मनाया गया। श्रीराधा-कृष्ण के साथ ही छोटा भीम के पात्रों की वेशभूषा में बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं का वर्णन किया। अध्यापकों ने बच्चों को बांसुरी भेंट की। उधर, नई मंडी स्थित स्कूल में बच्चों ने राधा-कृष्ण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों को उपहार स्वरूप सांकेतिक रूप से माखन की मटकी भेंट की। उधर, दीवान सिंह पब्लिक स्कूल तितावी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्री-प्राइमरी के बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में आए। प्रबंधक विपिन कुमार ने बच्चों को बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया। प्रधानाचार्य बिजेंद्र सिंह तोमर, अनीता जैन, ज्योति पाल, दीपशिखा, स्वाति चौधरी का सहयोग रहा। शहर के नई मंडी स्थित ताराचंद वैदिक पुत्री डिग्री कॉलेज में जन्माष्टमी पर्व पर मटकी सज्जा प्रतियोगिता में छात्राओं ने रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बीए, बीकॉम व बीएड की 60 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बीए तृतीय वर्ष की राघवी रोहिल्ला ने प्रथम, बीए की साक्षी ने द्वितीय व बीकॉम की उर्वशी धीमान तृतीय स्थान पर रहीं। प्रवक्ता येशु शर्मा, डॉ बबीता शर्मा ने संचालन किया। निर्णायक मंडल में केतकी, आरती व सोनम शामिल रहीं। डायरेक्टर डॉ संतोष गोयल व प्राचार्या प्रेरणा शर्मा ने छात्राओं की सराहना की। वहीं, इंदिरा कॉलोनी स्थित राइजिंग स्टार प्री स्कूल में जन्माष्टमी पर्व पर बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा व सुदामा के चरित्र प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत नृत्य प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्या सुमन शर्मा ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया। उधर, चरथावल रोड स्थित आईजी पब्लिक स्कूल में बच्चों ने रूप सज्जा व सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शानदार प्रस्तुति दी। अब्दुल अजीज, फारिया व विभोर ने श्रीकृष्ण रूप में सबका मन मोह लिया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में श्यामभवी व पीयूष ने शानदार प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्या रचना सिंह, पूनम, कटारिया व सोनिया का सहयोग रहा।