रातों रात तिराहे पर लगा दी मूर्तियां
शाहपुर। कस्बे में रविवार देर रात्रि कुछ लोगों ने सड़क के बीच मंसूरपुर तिराहे पर शिव पार्वती की मूर्ति की स्थापना कर दी। इसके चलते सुबह लोगों ने देखा तो अलग अलग चर्चाएं शुरू हो गई। वहीं. मूर्ति की स्थापना होने के बाद से ही गुजर रहे शिव भक्त कांवड़ियों ने मूर्ति की पूजा अर्चना शुरू कर दी। हालांकि मूर्ति की स्थापना किए जाने के विषय में किसी ने कोई जानकारी नहीं दी। उधर, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मूर्तियों को हटा दिया।
कस्बे के मंसूरपुर तिराहे पर रविवार की देर रात्रि सड़क के बीच भगवान शिव पार्वती की मूर्ति की स्थापना कर दी गई। सुबह लोगों ने शिव मूर्ति की स्थापना को देखा। बताया गया कि कुछ लोगों द्वारा मूर्ति की स्थापना किए जाने की तैयारियां पूर्व से चल रही थी। इसके चलते सावन के पावन माह में शिव की मूर्ति की स्थापना की गई। मूर्ति स्थापना होने के बाद वहा से गुजर रहे शिव भक्त कांवड़िया मूर्ति पर विशेष पूजा अर्चना व परिक्रमा कर वहां से गुजर रहे है। अचानक देर रात्रि में शिव मूर्ति की स्थापना होने को लेकर थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि उनको मूर्ति स्थापना होने की जानकारी नहीं है। लेकिन , सड़क के बीच मूर्ति की स्थापना गलत की गई है। इसके सड़क चौड़ीकरण के दौरान परेशानी बनेगी। वह मूर्ति स्थापना करने वाले लोगों के बारे में जानकारी करेंगे। दूसरी ओर, रातों रात मूर्तियां रखे जाने की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और खुफिया विभाग सतर्क हो गया। सोमवार की दोपहर के बाद पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मूर्तियों को वहां से हटवा दिया और मूर्तियों को लेकर थाने आ गई।
कांवड़ियों पर दूषित वस्तु फेंकी
शाहपुर। गांव तावली में दो दिन पूर्व शरारती तत्वों द्वारा कावड़ियों के ऊपर दूषित वस्तु फेंकी। पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया, जिसके चलते गांव में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
शाहपुर के गांव तावली में दो दिन पूर्व कांवड़ यात्रा के दौरान गांव के ही कुछ शरारती तत्वों ने वहा से गुजर रहे कावड़ियों के ऊपर सावन माह में भक्तों के लिए दूषित वस्तु को फेंक दिया। इसके बाद कांवड़ियों की टोली रुक गई और उन्होंने इसकी सूचना डायल 100 पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शरारती तत्वों की तलाश की, लेकिन वह नही मिले। इसके बाद गांव के जिम्मेदार लोगों ने मामले को शांत किया। उधर पुलिस उक्त घटना के बाद गांव में पूरी तरह से अलर्ट हो गई। मेन रोड पर पुलिस बल तैनात कर दिया।