डीएम से निष्पक्ष प्रस्ताव की मांग
मोरना। गांव भुवापुर के ग्रामीणों ने राशन की दुकान का निष्पक्ष प्रस्ताव कराने की मांग डीएम से की है। गांव भुवापुर निवासी सत्ती देवी, राम लखन ,राजपाल, शिवानी, धर्मेंद्र आदि ग्रामीणों ने डीएम को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान राशन डीलर वेदपाल सिह संचालित कर रहा है। निरीक्षण में मिली खामियों के बाद एसडीएम जानसठ ने दुकान का तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया था। जिसके सापेक्ष दुकान के आवंटन हेतु 24 मई को प्राथमिक विधालय में ग्राम समाज की खुली बैठक हुई। चुनाव अधिकारी के रूप में सहायक विकास अधिकारी पंचायत व ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पहुंचे। बैठक में गांव की सत्तो देवी, शिवानी और ममता ने अपनी दावेदारी पेश की। आरोप है कि चुनाव अधिकारी ने प्रधान व उसके बेटे से साठगांठ करके ग्रामीणों के बिना हाथ उठवाए ही ममता के पक्ष में अपनी सहमति जता दी। प्रशासन का रौब गालिब कर मौके से ग्रामीणों को भगाने और डराने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने एकत्र होकर उनका विरोध किया। अधिकारियों ने कहा कि दुकान का प्रस्ताव दोबारा होगा। ग्रामीणों ने उच्चधिकारियों की मौजूदगी में राशन की दुकान का आवंटन कराने की मांग की। मोरना विकास खंड अधिकारी बीपी सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर अधिकारियों की मौजूदगी में चार जून को दोबारा प्रस्ताव किया जाएगा।