12 संविदा कर्मियों को सेवा समाप्ति का नोटिस भेजा
खतौली। रोडवेज डिपो ने 12 चालकों व परिचालकों को ड्यूटी पर नहीं आने पर उनकी संविदा समाप्त करने का नोटिस भेजा है। एआरएम ने 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
एआरएम रणजीत सिंह ने बताया कि चालक जितेंद्र, सुनील, योगेंद्र, संजीव, जीत सिंह, कर्णवाल, महिपाल, धर्मवीर, यशपाल और परिचालक सुंदरलाल, लिखिन व धर्मबीर पिछले कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। नतीजतन डिपो की12 बसों का संचालन बंद है, जिससे डिपो को काफी नुकसान हो रहा है। ड्यूटी पर नहीं आने पर इन चालक व परिचालकों को संविदा समाप्त करने का नोटिस भेजा गया है। एआरएम ने इनसे 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा है। डिपो में 74 बसों का संचालन होता है। डिपो में 111 चालक तैनात थे, जिनमें में 11 चालकों की संविदा समाप्त कर उनको निकाल दिया गया था। इसके अलावा डिपो में 104 परिचालक हैं। एआरएम ने बताया कि अगर चालक व परिचालक ड्यूटी पर नहीं लौटे तो इनकी संविदा समाप्त कर दी जाएगी।