चरथावल-कुटेसरा मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया से आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। बुधवार को दो छात्रों की बाइक पुलिया से टकरा गई। जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। घायल दोनों छात्र सीबीएसई कक्षा-10 की परीक्षा दे रहे थे।
नालंदा पब्लिक स्कूल के छात्र सारांश त्यागी पुत्र हरीश और अर्पित पुत्र कुबेरदत्त त्यागी अपने दो अन्य दोस्तों के साथ कुटेसरा पढ़ाई के सिलसिले में कुटेसरा गए थे। दोपहर करीब 12.30 बजे दोनों बाइक से लौट रहे थे। घिस्सुखेड़ा से क्रेशर वाले मार्ग पर बाइक सवार छात्र को मोड़ होने के कारण पुलिया का मालूम नहीं चल सका। जिससे संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार दोनों छात्र नाले में गिर गए। जिसमें सारांश का सिर टूटी पुलिया में दूसरी तरफ जाकर लगा। उनके साथ अन्य छात्र डरकर चरथावल आ गए। उन्होंने परिजनों को खबर की। मौके पर काम करने वाले किसानों ने डायल-100 पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। खबर लगने पर चेयरमैन सतेंद्र त्यागी और घायल अर्पित के पिता कुबेर दत्त चेयरमैन सहकारी समिति समेत सैकड़ों लोग सीएचसी पहुंच गए। केंद्र प्रभारी डॉ. अर्जुन सिंह ने चेकअप करने के बाद दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सारांश के सिर में चोट आने के कारण मेरठ आनंद हास्पिटल के लिए रेफर किया गया, जबकि अर्पित के हाथ और पैर में तीन फ्रैक्चर आए हैं। नालंदा स्कूल के प्रधानाचार्य संजय सिंह और प्रबंधक विनेश त्यागी छात्रों का हाल जानने के लिए हास्पिटल पहुंचे।
लोनिवि की लापरवाही से आए दिन हो रहे हादसे
कुटेसरा मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया को लोग खूनी पुलिया के नाम देने लगे हैं। क्षतिग्रस्त पुलिया और तेज घुमाव के बावजूद लोक निर्माण विभाग ने कोई चेतावनी संकेतक बोर्ड नहीं लगाया है। कई बार गुहार लगाने के बावजूद क्षतिग्रस्त पुलिया को ठीक नहीं कराया जा रहा है, जबकि ब्लॉक के सबसे बड़े गांव कुटेसरा को चरथावल से जोड़ने का यह मार्ग सुगम माना जाता था। असलम त्यागी, सुधीर त्यागी, कुटेसरा के प्रधान पति ईशा, पूर्व प्रधान याकूब ने डीएम से जन हित में क्षतिग्रस्त पुलिया ठीक कराने की मांग की है।