आलू किसानों को शीतगृह भंडारण में मिलेगी छूट
मुजफ्फरनगर। शीतगृह में आलू भंडारण के दाम प्रशासन की ओर से तय किए गए हैं। किसानों को आलू भंडारण में 40 रुपये प्रति क्विंटल की छूट प्रदान की गई है। इस संबंध में शीतगृह मालिकों को अवगत करा दिया गया है।
एडीएम वित्त सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। बैठक में एडीएम ने आलू उत्पादकों एवं शीतगृह स्वामियों के समक्ष वर्तमान सत्र में आलू के भंडारण पर प्रति क्विंटल होने वाले आय एवं व्यय का आकलन करते हुए भंडारण किराया निर्धारित करने के संबंध में बताया। शीतगृह स्वामी खतौली के सुधीर गोयल ने 273 रुपये प्रति क्विंटल बताया। जिस पर किसान मेजर सिंह शाहपुर, एसपी सरन खतौली ने वर्तमान में आलू की उपज के मिल रहे मूल्य को काफी कम बताया। जिला उद्यान अधिकारी एसी पाठक ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि शुगर फ्री आलू 240 रुपये क्विंटल और सामान्य आलू 220 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से आलू का भंडारण किया जाएगा।