अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए विचार विमर्श किया
खतौली। एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के चौकीदारों की बैठक लेकर उन्हें अपने क्षेत्र में अवैध शराब बनाने तथा बिक्री रोकने के निर्देश दिए। तहसील सभागार में आयोजित गांव चौकीदारों की बैठक में एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी ने कहा कि चौकीदार अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर अवैध शराब निर्माण तथा उसकी बिक्री रोकने के लिए पुलिस को सूचित करेंगे, जिससे अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो सके। क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण तथा बिक्री नहीं होने दी जाएगी। इसकी जिम्मेदारी चौकीदारों को देते हुए कहा कि जिस चौकीदार के क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा पकड़ा जाएगा, उस चौकीदार के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इसमें आम जनता को भी सहयोग करना चाहिए। अवैध शराब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ जाती है। इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार, आबकारी इंस्पेक्टर जेके कुलश्रेष्ठ, तहसीलदार भगत सिंह आदि मौजूद रहे।