चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई
मोरना। नवरात्र के पश्चात चतुर्दशी के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ कमाया। मंदिरों में दर्शन कर साधु संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया व प्राचीन वट वृक्ष की पूजा कर मन्नत का धागा बांधा।
भागवत तीर्थस्थल शुकतीर्थ में नवरात्र के पश्चात चतुर्दशी के अवसर पर मंगलवार की सुबह क्षेत्र व दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने गंगा मैया में स्नान किया तथा हवन पूजन कर दान किया। दीपदान कर गंगा मैया की पूजा की। ग्रामीण क्षेत्र से श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉलियों के द्वारा शुकतीर्थ पहुंचे। वहीं, श्रद्धालुओं ने शुकदेव आश्रम में जाकर ऋषि शुकदेव मंदिर के दर्शन कर प्राचीन वट वृक्ष पर मनोकामना का धागा बांधा तथा आश्रम में चल रही कथा का श्रवण किया। इसके अलावा हनुमद्धाम, गणेशधाम, दंडी आश्रम, मां पीतांबरा धाम, शनिधाम, गौडिय मठ, महाशक्ति सिद्धपीठ, तिलकधारी आश्रम, महेश्वराश्रम में श्रद्धालुओं ने मंदिरों के दर्शन कर साधु संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं भोपा पुलिस द्वारा नगर में सुरक्षा व्यवस्था की गई।