आधार कार्ड बनवाने को लेकर प्रदर्शन
जानसठ। स्टेट बैंक में आधार कार्ड न बनने को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर एसडीएम से आधार कार्ड बनवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि आधार कार्ड बनवाने को लेकर वे सुबह छह बजे से स्टेट बैंक के बाहर लाइन में खड़े रहे। बैंक द्वारा प्रतिदिन चालिस कार्ड बनाए जाते हैं। आधार कार्ड बनवाने वालों को सुबह ही बैंक खुलने से पहले पर्ची बनाकर दे दी जाती है। बैंक समय में उन्हीं चालिस लोगों के आधार कार्ड बनाए जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह पंद्रह लोगों को पर्ची देकर बाकी को इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए बैंक पर प्रदर्शन कर एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि डाकघर में पिछले दो माह से मशीन आई हुई है। लेकिन डाकघर अधीक्षक आधार कार्ड बनवाने को तैयार नहीं है। कर्मचारी न होने का बहाना बनाया जा रहा है। एसडीएम विजय कुमार ने बैंक अधिकारियों से बात कर शीघ्र आधार कार्ड बनवाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में नफीसा, बबली, पूनम, राजेंद्र, सुरेंद्र कुमार, सुमन, शकीला, शब्बो, सुनीता, नरेश आदि रहे।