ब्लाक प्रमुख ने ली प्रधानों व बीडीसी सदस्यों की बैठक
पुरकाजी। ब्लाक प्रमुख ने ग्राम प्रधानों व बीडीसी सदस्यों से एक-दूसरे के सहयोग से क्षेत्र में विकास करने की अपील की।
बुधवार को खंड विकास कार्यालय पर दोपहर करीब 12 बजे ब्लाक प्रमुख निशि त्यागी की अध्यक्षता व बीडीओ तुलसीराम प्रजापति के संचालन में हुई बैठक में विकास कार्यों को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। बैठक की कार्रवाई की पुष्टि के अलावा मनरेगा प्रगति पर विचार, प्रधान मंत्री आवास योजना, स्वच्छ पेयजल, बाल विकास, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा आदि योजनाओं पर विचार किया गया। बैठक में ब्लाक प्रमुख द्वारा मौजूद ग्राम प्रधानों से बीडीसी सदस्यों का सहयोग कर क्षेत्र में विकास कराने की अपील की गई। बीडीओ तुलसीराम प्रजापति ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी। योजना के तहत गरीब और दिव्यांग लड़कियों का विवाह कराया जाएगा, जिसमें 20 हजार रुपये का चेक व 10 हजार रुपये का घरेलू सामान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ विधवा व तलाकशुदा महिलाएं भी उठा सकती हैं। उन्हें 25 हजार का चेक व पांच हजार का सामान दिया जाएगा। बैठक में मौजूद जिला पंचायत सदस्य के पति आमिर अली ने लोगों से क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास के प्रस्ताव देने की अपील कर कार्यों को जिला पंचायत निधि से कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा अस्तित्व सामाजिक संस्था के लोगों ने ग्राम प्रधानों व बीडीसी सदस्यों से क्षेत्र में हो रहे 18 वर्ष से कम उम्र की लडकियों के विवाह व घरेलू हिंसा ,दहेज उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में प्रधान संगठन के अध्यक्ष नवीन राठी, ग्राम प्रधान प्रताप सिंह, अर्जुन सिंह, नरपत सिंह, विनोद कुमार, मांगेराम, रिषीपाल, फुरकान अहमद, बीडीसी सदस्य बिजेंद्र सिंह, एडीओ पंचायत योगेश त्यागी, शक्ति सिंह आदि मौजूद रहे।
ब्लाक प्रमुख ने जताई नाराजगी
बैठक में विद्युत, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, सिंचाई आदि विभागों के कर्मचारियों द्वारा बैठक में नहीं आने पर नाराजगी जताई। बीडीओ ने बताया कि पत्र के माध्यम से सभी लोगों को सूचना दी गई थी, लेकिन कई विभागों के कर्मचारी बैठक में नहीं आए।
पॉलिथीन के विरुद्ध चलाया अभियान
पुरकाजी। पॉलिथीन पर प्रतिबंध के बावजूद अंकुश नहीं लगने पर बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय द्वारा अभियान चलाकर पॉलिथीन व थर्माकोल और प्लास्टिक के कप, प्लेट, गिलास आदि बेचने वाले नौ दुकानदारों से 3400 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान ईओ मनोज यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलजीत सिंह, बडे़ बाबू समर काजमी, रविकांत, अश्वनी कुमार, के अलावा सब इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह मय पुलिस फोर्स मौजूद रहे।
दो आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
पुरकाजी। पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय के सफाई नायक की तहरीर पर कस्बे के दो लोगों के विरुद्ध सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। सफाई नायक रविकांत ने मंगलवार की रात थाने पर तहरीर देकर कस्बे के दो लोगों पर कस्बे में खादर तिराहे पर खडे़ सरकारी हैंडपंप को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर में नामजद कस्बे के मोहल्ला कस्साबान निवासी जुनैद व मोहल्ला झोझगान निवासी आरिफ के विरुद्ध सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
मारपीट में रिपोर्ट दर्ज
पुरकाजी। पुलिस ने एक महिला की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना क्षेत्र के ग्राम बुच्चा बस्ती निवासी महिला रेखा ने मंगलवार की रात थाने पर तहरीर देकर तीन लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ग्राम कल्लनपुर निवासी गगन, नितिन व भूरा के विरुद्ध मारपीट करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। राशन डीलरों पर नकेल कसी
पुरकाजी। क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक ने थाने पर तहरीर देकर राशन डीलरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पूर्ति निरीक्षक अनुज कुमार ने मंगलवार की रात थाने पर तहरीर देकर क्षेत्र के डीलरों पर आधार कार्ड बदलकर जालसाजी करने का आरोप लगाया था। तहरीर में कहा गया था कि डीलरों ने बायोमैट्रिक तकनीक का दुरुपयोग कर वितरण प्रणाली में जालसाजी की है। आरोपियों ने आधार कार्डों में हेरा फेरी कर लाभार्थियों को राशन वितरण ना कर उनकी जगह अन्य लोगों को राशन आहरित किया है, जिससे लाभार्थी राशन से वंचित हो गए हैं। राशन डीलरों की भूमिका संदिग्ध है।