लगातार बारिश से जनजीवन थमा
मुजफ्फरनगर। रविवार की शाम से लगातार हो रही बारिश सोमवार को तीन बजे तक जारी रही। बारिश के नहीं रुकने से दोपहर बाद तक लोग अपने ही घरों में कैद से रहे। तेज बारिश के चलते शहर की सड़कें जलमग्न दिखाई दी। कॉलोनियों में पानी भर जाने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पूरी रात बारिश के बाद दिन में भी निरंतर बारिश ने मौसम में बदलाव ला दिया। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को सावन की इस बारिश से राहत मिलती दिखाई दी। सोमवार को दोपहर बाद तक लगातार तेज वर्षा ने लोगों को अपने घरों में ही कैद करके रख दिया। लोग अपने रोजमर्रा के जरूरी काम भी नहीं कर सके। फुहारों की तरह बारिश गिरती रही। लगातार बारिश से शहर की सड़कों पर जहां कीचड़ दिखाई दिया, वहीं निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। शहर की कुछ कालोनियों में पानी भरने से रास्ते भी बंद हो गए। शहर की साकेत कालोनी की हालत बेहद खराब दिखाई दी। गांधी कालोनी, नईमंडी, रामपुरी, कच्ची सड़क, खालापार, किदवईनगर इलाके में पानी भर जाने से लोगों को परेशानी हुई। लगातार बारिश से कुछ लोगों को पुराने मकानों के गिरने का खतरा भी बना रहा, जिन सड़कों पर हाल ही में पेंचवर्क हुआ था वह उखड़ गई। जल निगम ने आर्य समाज रोड पर जो सड़क बनाई वह बारिश में सारी उखड़ गई।