राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाएं
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि जिले में समस्त उपभोक्ताओं को राशन का वितरण ईपीओएस मशीन के माध्यम से कराया जाए। आधार फीडिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराया जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने डीएसओ को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आधार फीडिंग शत प्रतिशत कराई जाए। डीएसओ ने बताया कि जनपद में कुल 478941 राशन कार्ड हैं। 74.32 प्रतिशत आधार कार्ड की फीडिंग कराई जा चुकी है। बाकी 30 जून तक पूरी हो जाएगी। डीएम ने 15 जून तक कार्य पूर्ण कराने के लिए कहा। डीएसओ ने बताया कि छह दुकानें निरस्त की गई है और चार दुकानें निलंबित हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रवर्तन कार्य में तेजी लाई जाए। बैठक में एडीएम प्रशासन हरीशचंद्र, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार पुष्कर सहित पूर्ति निरीक्षक आदि रहे।