बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया : शोभना शाह
मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की महासचिव शोभना शाह ने कहा कि महिलाओं को जागरूक होकर आगे बढ़ना होगा। जिला महिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रविवार को नगर के टाउनहाल परिसर में मैं साहस हूं, विषय पर शाह ने विचार रखे।
गोष्ठी में मुख्य अतिथि शोभना शाह ने कहा कि शिक्षा जीवन में सबसे महत्वपूर्ण है। हमारी लड़कियां शिक्षित होनी चाहिए। शिक्षा से ही उनमें ज्ञान आएगा। उन्होंने कहा कि जब ज्ञान होगा तो सशक्तीकरण स्वयं हो जाएगा। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अनुपमा रावत ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं है, बात केवल यह है कि हम उन्हें अवसर कितना प्रदान करते हैं। राष्ट्रीय सचिव सुनीता सहरावत ने कहा कि जब तक बेटियां सशक्त नहीं होती, तब तक देश सशक्त नहीं हो सकता। हमें बेटियों को समान अवसर प्रदान करने होंगे। नगर पालिका चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया। साथ ही महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री दीपक कुमार ने कहा कि हमें बेटियों को शिक्षित करने के साथ स्वावलंबी भी बनाना होगा। वक्ताओं ने महिलाओं को कानून व्यवस्था, दायित्वों एवं अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सतीश गर्ग, महफूज राणा, मुकेश शर्मा, विनोद चौहान, कोमल शर्मा, दीपक एडवोकेट, रानी, नाहिद जैदी एडवोकेट ने भी विचार व्यक्त किए। गोष्ठी में जेबा, कोमल शर्मा, संगीता भारद्वाज, मुस्कान, सभासद सुनीता चौधरी, नाजरीन, सादिया एडवोकेट को सम्मानित किया गया। उमादत्त शर्मा, जमील अंसारी, नवीन गर्ग, आरिफ कुरैशी, नीलम गौतम, पूजा गुर्जर, सीमा एडवोकेट, शिप्रा, ज्योति, शबनम कुरैशी, मानसी शर्मा, जुल्फाना, फरजाना, निर्मला देवी, शबाना, सुनीता रावत, मुनाजरा आदि उपस्थित रहे।