जच्चा-बच्चा की मौत पर हंगामा
खतौली। ग्रामीणों ने सीएचसी में जच्चा व बच्चा की मौत को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही से मौत हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को बमुश्किल शांत किया।
गांव भैंसी निवासी 24 वर्षीय सोनम पत्नी संगीत को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने आठ जनवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। अस्पताल में सोनम ने नवजात शिशु का जन्म दिया था। जन्म के बाद की शिशु की मौत हो गई थी। इस दौरान महिला की हालत बिगडने पर जच्चा को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। जिला अस्पताल में भी उपचार के दौरान जच्चा की हालत बिगडने पर चिकित्सकों ने उसको मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। परिजनों ने महिला को मेरठ के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। शुक्रवार को हॉस्पिटल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने शुक्रवार की शाम जच्चा और बच्चा की मौत को लेकर सीएचसी में हंगामा खड़ा कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि अस्पताल के स्टॉफ की लापरवाही की वजह से महिला व उसके बच्चे की मौत हुई है। हंगामे की सूचना पर पुलिस अस्पताल में पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। मृतका के परिजनों का कहना है कि वे अस्पताल के स्टाफ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराएंगे। देर रात तक अस्पताल में हंगामा जारी था।