जानसठ। नगर पंचायत चेयरमैन व सभासदों के बीच पिछले चार दिनों से विवाद का आपस में समझौता हो गया। चेयरमैन व सभासदों ने विकास को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। समझौते के बाद नगर की प्रकाश व्यवस्था व चौराहों पर अलाव जलना प्रारंभ हो गया है।
नगर पंचायत कार्यालय पर छह जनवरी को हुई बोर्ड की पहली बैठक में विकास कार्यों के लिए समिति बनाने को लेकर चेयरमैन व सभासदों के बीच विवाद हो गया था। चेयरमैन प्रवेंद्र भड़ाना ने नगर में मेन रोड की स्ट्रीट लाइट तेल नहीं होने की बात कहकर बंद करा दी थी, जिससे कस्बे के मेन रास्तों पर अंधेरा छा गया था। वहीं दूसरी ओर ठंड के चलते अलाव जलवाना बंद कर दिया था। सभासदों में रोष व्याप्त था। मंगलवार को सभासदों की और चेयरमैन के बीच आपस में समझौता हो गया। समझौता बैठक में प्रवीण तंवर, विकास गुप्ता, अब्दुल्ला कुरैशी, अश्वनी चौधरी, सुनील कश्यप, शिवकुमार, बाबर अंसारी, अमरजीत सैनी, अनुज सैनी, रियासत अली, जमशेद, निशांत उर्फ निशु काम्बोज आदि सभासद मौजूद रहे।