लाभार्थी को नहीं मिल रहा नसबंदी का भुगतान
मुजफ्फरनगर।
परिवार कल्याण के तहत स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने वाले लाभार्थियों को भुगतान नहीं मिल रहा है। सीएचसी और पीएचसी स्तर पर यह परेशानी अधिक बनी है। इसके चलते विभागीय महत्वपूर्ण नसबंदी योजना से पुरुष-महिलाएं मुंह फेर रही हैं। मामला संज्ञान में आते ही आला अफसरों ने जांच कराई, जिसमें टेक्निकल कमी के कारण लाभार्थियों के खाते में पैसा ट्रांसफर नहीं हो सका है। इसको लेकर पांच दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार कल्याण योजना के तहत कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें महिला और पुरुष नसबंदी, परिवार नियोजन के उपाय के लिए अनेक वस्तुओं का वितरण किया जाता है। नसबंदी सबसे महत्वपूर्ण योजना है। इसके लिए सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्य किया जाता है, जहां मरीज को जिला चिकित्सालय में नसबंदी के लिए भेजा जाता है। विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही के कारण योजना का बट्टा लग रहा है। नसबंदी कराने वाले लाभार्थी को योजना के तहत प्रोत्साहन भुगतान मिलता है। इसमें पुरुष को 3000 और महिला को 2000 मिलते हैं, जबकि प्रेरित करने वाली आशाओं को 400 रुपये का भुगतान दिया जाता है। पिछले कुछ माह से परिवार कल्याण योजना में लाभार्थियों को भुगतान नहीं मिल रहा है। इससे योजना में लाभार्थियों की संख्या घट गई है। मामले की जानकारी होने पर आला अफसरों में हड़कंप मच गया। तत्काल इस जांच पड़ताल कराई गई, जिसमें अनेक लाभार्थियों का पैसा आधार कार्ड से बैंक खाता लिंक नहीं होने कारण रुका हुआ है। इन लाभार्थियों का विभाग कैश के बजाय ऑनलाइन भुगतान करता है। ऐसे में बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बताया कि कुछ समय से लाभार्थियों का भुगतान नहीं हो सका है, लेकिन, इसमें गड़बड़ी जैसी कोई बात नहीं है। लाभार्थियों की जांच की गई है। लाभार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक होते ही पैसा ट्रांसफर किया जाएगा।