मुजफ्फरनगर। जीएसटी पर जिस तरह से हल्ला मचा है, यह उस तरह की व्यवस्था बिल्कुल नहीं है। डीएम ने मेडिसिन एवं चिकित्सा कारोबारियों की कार्यशाला में निर्देश दिए। प्रत्येक व्यापारी जीएसटी में काम का लेखा-जोखा सीख लें। यह व्यवस्था सबके लिए हितकारी है। जीएसटी से घटी कीमतों को हर उपभोक्ता तक पहुंचाएं। वहीं, माइग्रेशन से छूटे व्यापारियों को जीएसटी में शामिल करने के निर्देश दिए।
जीएसटी पर जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को मेडिसिन और चिकित्सा स्टॉक होल्डर्स के लिए जिला पंचायत सभागार में कार्यशाला की गई। डीएम ने कहा कि जीएसटी एक नई कर व्यवस्था है, जो सभी को समझना चाहिए। व्यापारी जीएसटी में काम और लेखा रखने के तरीकों को सीख लें। यह नई टैक्स प्रणाली जरूर है, मगर आसान है। भ्रांतियों से दूर रहकर व्यवस्था में व्यापारी सहयोग करें। साथ ही निर्देश दिए कि जीएसटी से कम हुई कीमतों का लाभ उपभोक्ता तक पहुंचना चाहिए। वाणिज्य कर विभाग के मास्टर ट्रेनर डीएस गौतम, केएम मिश्रा ने कहा कि जीएसटी की कार्यशालाएं लगाकर प्रत्येक व्यापारियों को इसके लाभ के बारे में जानकारी दी जा रही है। शहर और तहसीलों में बैठे व्यापारियों को माइग्रेशन कराने के लिए कहा गया है। जीएसटी में माइग्रेशन होने के बाद कारोबार को लाभ रहेगा। इसके लिए विभाग में हेल्प डेस्क लगाकर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। कार्यशाला में डीसी वीपी सिंह, अजय वर्मा आदि मौजूद रहे।