ग्रामीणों ने इंडियन बैंक में तालाबंदी की
रतनपुरी/खतौली। इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक के रवैये के विरोध में ग्रामीणों ने बैंक में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
भाकियू ब्लाक अध्यक्ष कपिल सोम ने बताया कि रतनपुरी निवासी हरिओम उर्फ बब्बू मिस्त्री ने वर्ष 2016 में गोल्ड बांड लिया था, जिसके एवज में उसने 26 हजार रुपये भी शाखा में जमा किए थे। कई वर्ष बीतने के बाद भी अभी तक उसे उसका बांड उपलब्ध नहीं कराया गया। बैंक में पूछताछ करने पर शाखा प्रबंधक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इसके अलावा एक अन्य ग्रामीण आनंद कुमार ने कहा कि उसने भी इंडियन बैंक से मुद्रा ऋण के लिए आवेदन किया था। ग्रामीण का आरोप है कि सभी कागजात पूर्ण होने के बाद भी शाखा प्रबंधक ने उसका मुद्रा ऋण अभी तक स्वीकृत नहीं किया है। बैंक पर एकत्र ग्रामीणों ने शाखा प्रबंधक पर उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर के लोगों को बैंक से ऋण वितरित करने का भी आरोप लगाया। रतनपुरी गांव के ग्रामीणों का ऋण भी स्वीकृत नहीं किया जा रहा है। इसी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष कपिल सोम के नेतृत्व में इंडियन बैंक के सभी कर्मचारियों को बैंक से बाहर निकालकर बैंक पर तालाबंदी की। बैंक पर तालाबंदी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण शाखा प्रबंधक की कार्यप्रणाली में सुधार लाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने बैंक में तालाबंदी करके प्रदर्शन किया। उधर, शाखा प्रबंधक सुनील कुमार ने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का बांड रिजर्व बैंक से ही सीधे जारी किए जाते हैं। यह स्थानीय बैंक स्तर पर जारी नहीं किए जाते हैं। इसका पांच वर्ष का समय होता है। इसके बाद समय समाप्त होने पर पूरा रुपया जमाकर्ता को वापस कर दिया जाता है। प्रदर्शनकारियों में भाकियू ब्लॉक सचिव संदीप सोम, ग्राम अध्यक्ष विनोद कुमार, बबलू सिंह, आनंद कुमार, हरिओम उर्फ बब्बू मिस्त्री, राजबहादुर, मोनू कुमार, विरेंद्र सिंह, बबली सिंह आदि शामिल रहे।