सीएचसी बघरा पर महिला का प्रसव कराने से इंकार
तितावी। बघरा सीएचसी पर एक गर्भवती घंटों प्रसव पीड़ा से तड़पती रही, लेकिन वहां देरी से पहुंची महिला डॉक्टर ने उसका प्रसव कराने से इंकार कर दिया। आरोप है कि गर्भवती को जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस भी नहीं दी गई। परिजनों ने मुख्यमंत्री व सीएमओ से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के गांव धौलरा निवासी गर्भवती पारूल पत्नी सचिन को शनिवार सुबह करीब नौ बजे परिजन प्रसव के लिए बघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय सीएचसी पर कोई भी चिकित्सक या कर्मचारी मौजूद नहीं था। करीब सवा दस बजे सीएचसी पर तैनात महिला चिकित्सक ड्यूटी पर पहुंची, जिसने प्रसव पीड़ा से तड़प रही गर्भवती का प्रसव कराने से साफ इंकार करते हुए उसे जिला महिला अस्पताल ले जाने के लिए कह दिया। आरोप है कि परिजनों द्वारा उसका प्रसव वहीं कराए जाने की अनुरोध के बावजूद महिला डॉक्टर ने इससे साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि जब परिजनों ने उसे जिला महिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की तो उनके साथ बदसलूकी करते हुए एंबुलेंस देने से भी मना कर दिया गया। इसके चलते परिजन निजी वाहन से गर्भवती को लेकर जिला महिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसने शिशु को जन्म दिया। प्रकरण से आहत परिजनों ने मुख्यमंत्री के साथ ही सीएमओ से भी मामले की शिकायत कर आरोपी महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में सीएचसी प्रभारी डॉ अजय कुमार से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
---------------
लूट के इरादे से खड़ा बदमाश दबोचा
तितावी। थाना क्षेत्र के धौलरी-हिंडन नदी मार्ग के पास रविवार सुबह लूट के इरादे से खड़े बदमाश को घेराबंदी कर दबोच लिया। एसओ सूबे सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी आरिफ पुत्र शमशाद निवासी सिखेड़ा है, जिसके पास से तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ लालूखेड़ी चौकी प्रभारी एसआई विजयपाल अत्री की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।