मुजफ्फरनगर। सपा के पूर्व छात्र सभा प्रदेशाध्यक्ष अतुल प्रधान 13 सितंबर से सामाजिक न्याय साइकिल यात्रा पर निकलेंगे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा सामाजिक न्याय और प्रजातंत्र बचाओ की थीम पर होगी। भाजपा सरकारों का जन विरोधी चेहरा जनता के सामने रखा जाएगा।
महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय पर अतुल प्रधान ने पत्रकार वार्ता में बताया कि भाजपा की सरकारों ने झूठे वादों के अलावा देश और प्रदेश की जनता को कुछ नहीं दिया। आज आठ हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का गन्ना मूल्य शुगर मिलों पर बकाया चल रहा है। सरकार किसानों के हित में कार्य करने का दावा कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकारों पर विपक्ष की आवाज और आंदोलन को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षक भर्ती घोटाला योगी सरकार की विफलता है। शिक्षा मित्रों और आंगनबाड़ी की हालत सभी को पता है। लाठी के जोर पर अंग्रेज हुकुमत की तरह ही भाजपा की सरकारें लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली हैं। इसी को लेकर वो 13 सितंबर को सहारनपुर जनपद से सामाजिक न्याय साइकिल यात्रा प्रजातंत्र बचाओ देश बचाओ के नारे के साथ निकाली जा रही है। 14 सितंबर को ये यात्रा मुजफ्फरनगर पहुंचेगी और इसके बाद 23 सितंबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर पहुंचकर समाप्त होगी। यात्रा के दौरान भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकारों की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जन जागरण किया जाएगा। जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप ने कहा कि 14 सितंबर को साइकिल यात्रा शामली जनपद से यहां पहुंचने पर स्वागत होगा। पांच विधानसभा क्षेत्रों में इसका आगमन होगा। जनता को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ सभाओं का आयोजन भी किया जाएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि भाजपा सरकारों की गलत नीतियों के खिलाफ जनता में आक्रोश पनप रहा है। जिया चौधरी, वसी अंसारी, सतेंद्र सैनी, श्याम लाल बच्ची सैनी, निधीष गर्ग, राकिब कुरैशी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।