भागवंती में विश्व साक्षरता दिवस मनाया
मुजफ्फरनगर। शहर के नई मंडी स्थित भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विश्व साक्षरता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता आचार्य संजय त्यागी ने बताया कि यूनेस्को ने वर्ष 1966 में आठ सितंबर को साक्षरता दिवस के रूप में घोषित किया था। इसका उद्देश्य कम साक्षरता वाले देशों में साक्षरता दर बढ़ाना था। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता से पहले भारत की साक्षरता दर मात्र 12 प्रतिशत थी, जो वर्तमान में बढ़कर 74 प्रतिशत हो गई है। इसके बावजूद विश्व की सामान्य साक्षरता दर 85 प्रतिशत से भारत अभी भी काफी पीछे है। देश में केरल 94 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ सबसे आगे है तो बिहार सबसे कम 64 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है। देश में पुरुष साक्षरता दर 82 प्रतिशत और स्त्री साक्षरता दर महज 65 प्रतिशत है। उन्होंने छात्राओं से अपने आसपास रहने वाले अनपढ़ लोगों को साक्षर बनाने के लिए प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय में कला विभाग ने एक चार्ट प्रतियोगिता का आयोजन कराया।