बुढ़ाना में दुकान में घुसा जुगाड़, दुकानदार की मौत
बुढ़ाना। सीमेंट से भरा जुुगाड़ कंफेक्शनरी की दुुकान में जा घुसा। दुकान के काउंटर पर बैठा दुकानदार इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में मेरठ चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में दुकानदार की मौत हो गई। दुकानदार की मौत से घर में कोहराम मच गया है।
कस्बे के मोहल्ला पीरशाह विलायत निवासी युवक वसीम (19) नगर पंचायत की दुकानों मे कंफेक्शनरी की दुुकान करता है। मंगलवार को वसीम अपनी दुुकान पर बैठा हुुआ था। सुबह करीब 11 बजे सीमेंट से भरा हुआ जुगाड़ अचानक दुुकान में घुस गया। इस घटना में दुकान का सामान बिखर कर टूट गया। काउंटर पर बैठा वसीम जुगाड़ की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में वसीम को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद वसीम को मेरठ रेफर किया गया। मेरठ चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में वसीम ने दम तोड़ दिया। चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। जुगाड़ का चालक जुगाड़ मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जुगाड़ को अपने कब्जे में लिया है।