लेेखपाल से अभद्रता, सीओ से शिकायत
जानसठ। रामराज थाना के दरोगा द्वारा लेखपाल से अभद्रता करने पर संघ के अध्यक्ष ने सीओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष मोतीराम के नेतृत्व में लेखपाल संघ का एक प्रतिनिधिमंडल सीओ एसकेएस प्रताप से मिला। सीओ से गांव रहड़वा के लेखपाल एनुल हसन ने बताया कि गांव में कुछ लोगों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे कर रखे हैं, जिनके खिलाफ मुकदमा भी रामराज थाने में दर्ज हैं। वे किसी सरकारी काम से थाना प्रभारी के पास थाने में पहुंचा। जब उनसे बात कर लौट रहा था, तो थाने में तैनात एक दरोगा ने उन्हें बुलाकर खादर क्षेत्र में हो रहे कब्जों के बारे में पूछताछ की। मैंने बताया कि यह मामला मेरे कार्यकाल से पूर्व का मामला है। आरोप है कि इतना कहने पर दरोगा ने लेखपाल के साथ अभद्रता की। लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष मोतीराम ने कहा कि हल्का लेखपाल सरकारी कार्य कर रहा है। दरोगा को उनके साथ ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए था। रिटायर्ड लेखपाल खचेडू सिंह को भी फोन कर परेशान किया जा रहा है, जबकि उनका कोई लेना देना नहीं है। लेखपाल संघ ने कार्रवाई की मांग की। सीओ एसकेएस प्रताप ने कहा कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। लेखपालों में विजय कुमार, अरविंद शर्मा, छोटू खान, विनोद शर्मा आदि लेखपाल मौजूद रहे।