दो मई को जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी
मुजफ्फरनगर। एससी-एसटी एक्ट में संशोधन किए जाने के विरोध में दलितों ने दो मई को जेल भरो आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
भारतीय दलित अराजनीतिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभाराम रथेड़ी ने शुक्रवार को डीएम के नाम दिए ज्ञापन में कहा कि एससी-एसटी एक्ट में जो संशोधन किया गया है, उससे दलित समाज में रोष व्याप्त है। कुछ लोग इसे राजनीतिक रूप देकर देश की एकता और अखंडता को बर्बाद करना चाहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पुलिस विभाग में जातिवादी मानसिकता वाले पुलिस अफसरों एवं कर्मचारियों को हटाने की मांग की। दो अप्रैल के भारत बंद के प्रदर्शन पर जो कार्रवाई हो रही है, उसमें निर्दोषों को फंसाया जा रहा है। ये अन्याय नहीं रुका तो भारतीय दलित संगठन जेल भरो आंदोलन करेगा। शोभाराम ने बताया कि संगठन ने 25 अप्रैल को जेल भरो आंदोलन की घोषणा की थी, लेकिन इसे अब बदल दिया गया है। अब दो मई को दलित समाज जेल भरो आंदोलन करने सड़कों पर उतरेगा। इस मौके पर प्रहलाद, कर्णसिंह, देवेंद्र गौतम, एस कुमार, आरएल गौतम आदि रहे।