20 पंडित फेरे और छह मौलवी कराएंगे निकाह
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 20 पंडित फेरे और छह मौलवी निकाह पढ़ाएंगे। कुल 443 जोड़ियों को अफसर और नेता आशीर्वाद देंगे। जयमाला का कार्यक्रम पंडाल में ही होगा। विवाह के लिए पांच हजार लोगों का भोजन बनवाया जा रहा है। विवाह के साथ ही सभी जोड़ियों को बीस हजार का चेक और शादी का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
नुमाइश ग्राउंड के मैदान में बुधवार को होने वाले सामूहिक विवाह की सभी तैयारियां जिला प्रशासन ने पूरी कर ली है। एक साथ 443 जोड़ियों का विवाह इस कार्यक्रम में होगा। इन जोड़ियों में 105 मुस्लिम है। हिंदू के लिए यहां फेरे कराने को 20 पंडितों और निकाह कराने के लिए छह मौलवियों की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में एक साथ पांच हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। सामूहिक विवाह के दौरान पंडाल को 12 भागों में बांटा जा रहा है, जो शादी होंगी इनमें 153 अनुसूचित जाति, 182 पिछड़ी जाति और 27 सामान्य जाति की जोड़ियां है। इनमें 47 की सूची जिला पंचायत से मिली है। 31 की मोरना ब्लाक से, 36 की जानसठ, 26 की बघरा, 35 की पुरकाजी, 42 की चरथावल, 26 की सदर, 38 बुढ़ाना, 12 शाहपुर, 31 खतौली ब्लाक से आए हैं। नगर पालिका मुजफ्फरनगर क्षेत्र के 45, खतौली से सात, शाहपुर से सात, बुढ़ाना से 11, सिसौली से छह, पुरकाजी से चार, चरथावल से 12, भौकरहेड़ी से 10, जानसठ से चार और जानसठ नगर पंचायत से 13 जोड़ी शामिल हैं। एडीएम प्रशासन हरीशचंद्र ने बताया कि सभी कन्याओं को साडी, पायल, बिछिया और बर्तन उपलब्ध करा दिए गए है। सभी सामान में गुणवत्ता का ध्यान रखा गया है।
प्रशासन को चांदी देने से डर गए सुनार
मुजफ्फरनगर। शुद्ध चांदी की पायल और बिछिया देने के नाम पर शहर से सभी सुनार पीछे हट गए। जिले के अफसरों ने सुनारों से कहा था कि उन्हें सामूहिक विवाह में कन्याओं के लिए शुद्ध चांदी की पायल और बिछिया चाहिए, जिससे भी संपर्क किया सभी सुनारों ने शुद्ध चांदी होने से मना कर दिया। सभी ने एक ही बात बताई कि चांदी तो केवल 45 प्रतिशत ही होती है। इसके बाद प्रशासन 70 प्रतिशत चांदी वाली पायल और बिछिया दिल्ली से मंगाई।
अफसरों को सौंपी गई पंडाल की जिम्मेदारी
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने सामूहिक विवाह में छह अफसरों को पंडाल की जिम्मेदारी दी है। सम्पूर्ण कार्यक्रम का प्रभारी डीडीओ मोतीलाल व्यास को बनाया गया है। मंच की व्यवस्था की जिम्मेदारी एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र, पंडाल की व्यवस्था की जिम्मेदारी एसडीएम बुढाना कुमार भूपेंद्र, स्पोर्टस स्टेडियम दुल्हनों को तैयार करने की जिम्मेदारी एसडीएम जानसठ गजल भारद्वाज को, यातायात, पार्किंग, कार्यक्रम स्थल की शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी एसडीएम खतौली अतुल कुमार को दी गई है। जिला सूचना अधिकारी मीडिया की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सामूहिक विवाह के लिए 953 का पैसा आया
मुजफ्फरनगर। वित्तीय वर्ष के समाप्त होने के चार दिन पहले सरकार ने मुख्यमंत्री विवाह योजना में भरपूर पैसा जारी कर दिया है। शासन से पहले ही 476 सामूहिक विवाह का पैसा समाज कल्याण को आ चुका है। इस 476 में से केवल 443 सामूहिक विवाह की प्रशासन करा पाएगा। अभी पुराना टारगेट पूरा हुआ नहीं की 953 सामूहिक विवाह के लिए तीन करोड़ 33 लाख ओर जारी हो गया। यह पैसा भी समाज कल्याण को मिला है। हालांकि 31 मार्च के बाद यह पैसा लैप्स होकर शासन को वापस चला जाएगा।