चरथावल। रविवार को ब्याहने वाले दूल्हे की शनिवार रात में हत्या की खबर लगने पर दधेडू कलां में शादी के लिए तैयार पंडाल में मायूसी छा गई। दधेडू कलां गांव में दो बहनों से अलग अलग गांव से दो युवकों की बारात आनी थी।
चरथावल क्षेत्र के गांव दधेडू कलां में रविवार को वकील की दो बेटियों की बारात शामली जिले के हिरनवाड़ा और नई मंडी क्षेत्र के गांव चांदपुर मखियाली से आनी थी। कई दिनों से दधेडू कलां में शादी की रस्मों के साथ घर आंगन में खुशियां बिखरी थी। मगर सुबह चार बजे शामली के थाना बाबरी के गांव हिरनवाड़ा से ब्याहने आने वाले युवक आस मौहम्मद की रात में हत्या की खबर दधेडू पहुंची, तो शादी की तमाम खुशियां काफूर हो गई। हालांकि बेटी के लिए परिजनों से आनन फानन में रिश्तेदारी में दूल्हा तलाश करने का प्रयास किया। लेकिन गम और रंज के कारण फिलहाल एक बेटी का निकाह टाल दिया। जबकि दूसरी बेटी के लिए मखियाली से आने वाली बारात में दूल्हा समेत चंद बाराती निकाह करने पहुंचें। शादी के मंडप में खुशियों की जगह अफसोस जताने वालों की भीड़ नजर आई। बताया कि बाबरी का युवक चंडीगढ़ में हेयर सैलून का कार्य करता था। दो दिन पूर्व ही वह अपने गांव हिरनवाड़ा आया था।