मुजफ्फरनगर। विकास शर्मा ट्रॉफी के लिए खेली जा रही जिला क्रिकेट लीग में मंगलवार को कैराना की भास्कर अकादमी ने प्रेमपुरी की प्रिंस क्लब को छह विकेट से हराकर फाइनल में पहुंच। आल राउंडर खेल दिखाने वाले सनी मैन ऑफ द मैच रहे। प्रिंस क्लब के 199 रन के जवाब ने भास्कर ने चार विकेट खोकर मैच जीत लिया।
चौधरी चरण सिंह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित लीग में प्रिंस क्लब ने पहले बैटिंग करके 30 ओवर में 199 रन बनाए। सर्वाधिक 62 रन का योग अश्वनी ने बनाया। आशीर्वाद ने शानदार 42 रन बनाए। धर्मेंद्र ने 23 रन बनाए। सनी ने घातक गेंदबाजी की और 42 रन देकर चार विकेट झटके। कैराना के भास्कर क्लब ने शानदार शुरुआत की। ओपनर सनी ने जिम्मेदारी भारी पारी खेलकर पारी में एक सिरा संभाले रखा। उन्होंने अविजित 84 रन बनाए। उनका साथ रोहित ने बखूबी दिया। रोहित ने 51 रन बनाए। गौरव ने भी 24 रन बनाए। अंतिम क्षणों में रोमांचक हो चले मैच में दो गेंद शेष रहते इस पहले प्ले ऑफ मैच को जीत कर भास्कर क्लब फाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रिंस क्लब के गेंदबाज नंदू, आत्माराम, मनीष मंहगे साबित हुए। अश्वनी और मंजीत को 1-1 विकेट मिले। रवि और आदिल अंपायर तथा कार्तिकेय स्कोरर रहे। लीग में शामली और मुजफ्फरनगर जनपद की 16 टीमें भाग ले रही थी। फाइनल में दूसरी टीम का फैसला प्रिंस क्लब और सीनियर टीम के बीच होने वाले मैच से होगा।