मुजफ्फरनगर । प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केशवपुरी के तत्वावधान में महाशिवरात्रि पर्व के दो दिवसीय कार्यक्रम का बुधवार को समापन हो गया। रूस से आई संतोष दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में हमने भौतिक सुख सुविधा तो बढ़ा ली, लेकिन मन की शांति खत्म होती जा रही है। महावीर चौक स्थित एक बैंक्वेट हाल में आयोजित कार्यक्रम में संतोष दीदी ने कहा कि मन की शांति, प्यार, एकता और विश्वास खत्म होता जा रहा है। राजयोग के अभ्यास से मनुष्य के जीवन में खुशी, शक्ति एवं उत्साह का संचार होने लगता है और हमारे कर्मों में कुशलता आने लगती है। संसार कर्म प्रधान है हमारे सामने कोई भी विपत्ति आती है, उसका कारण हमारे कर्म हैं। आज की दुनिया दुख, अशांति और समस्याआं से भरपूर है। उन्होंने कहा कि जीवन एक यात्रा है, जिसमें साधक, साध्य और साधन की आवश्यकता है। इसमें साधक आत्मा है, साधन है मन और साध्य है परमात्मा शिव। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल, एडीएम प्रशासन हरीशचंद्र रहे। संचालन केशवपुरी सेवा इंचार्ज बीके जयंती दीदी ने किया। विनय शर्मा, सतीश वर्मा, केतन कर्णवाल, संजीव आर्य, पीसी अग्रवाल, सुशील गोयल, अरुण वर्मा, अनिल बत्रा, मांगेराम, शालिनी, निधि, मानसी, गीता बहन आदि का सहयोग रहा।