अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। कैशियर पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए भाकियू कार्यकर्ताओं ने बैंक में जमकर हंगामा किया। कार्रवाई की मांग को लेकर बैंक के बाहर धरना दिया। पुलिस और शाखा प्रबंधक के आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के कैराना तहसील अध्यक्ष असजद ने बताया कि संगठन के ग्राम अध्यक्ष कौसर निवासी अकबरपुर सुनहेटी बृहस्पतिवार की दोपहर बैंक में कैैश जमा करने आए थे। आरोप है कि कैशियर ने उनकी धनराशि जमा करने से इंकार कर दिया और उसके साथ अभद्रता करते हुए शाखा परिसर से बाहर निकाल दिया। उन्होंने कैशियर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। शाखा प्रबंधक अमित वर्मा ने मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्रवाई का आश्वासन देकर कार्यकर्ताआें को शांत किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गय्यूर, ब्लॉक महासचिव इमरान चौहान, अंसार, जहांगीर, बिजेंद्र, रमेश आदि मौजूद रहे। उधर, बैंक शाखा प्रबंधक अमित वर्मा ने बताया कि भीड़ के कारण रुपये जमा करने में देरी हो गई थी। वो मामले में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजेंगे।