मुजफ्फरनगर। ग्रेन चेंबर पब्लिक स्कूल में विभोर संगल अंतरविद्यालय प्रतियोगिता टेबिल टेनिस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के बीच रोचक मुकाबले हुए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्कूलों के बच्चे टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं।
टूर्नामेंट का शुभांरभ रंगारंग कार्यक्रमों के बीच हुआ। शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने गुब्बारे छोड़ खेलों का आगाज किया। दीप प्रज्वलन में उनके साथ प्रधानाचार्य आजादवीर, मिलिंद अग्रवाल, विनोद संगल, आशीष त्यागी, सुतपा बोस रहे। छात्रों ने स्कूल बैंड की मधुर ध्वनि के साथ अतिथियों का स्वागत किया। विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि खेलों से आपसी सौहार्द बढता है। जीवन में शिक्षा के साथ खेल भी जरुरी है। खेलों को खेल भावना के साथ ही खेला जाना चाहिए। टूर्नामेंट में जनपद के स्कूलों के अलावा आगरा, सहारनपुर, मेरठ, शामली, बिजनौर के स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अंडर-11 बालक वर्ग में श्रीयांस आगरा ने अर्श को हराया। ईशान सहारनपुर ने कार्तिक को हराया। वासु सिंघल ने आदित्य को पराजित किया। हर्षित आगरा ने अनमोल और श्री आगरा ने अनंत को हराया। अंडर-14 बालक वर्ग में सैम ने कुश को हराया। उमर ने अमन को, आदित्य ने वंश को, आर्यन ने कुशाग्र को, मांगलिक ने अक्षत को, दीपांशु ने कार्तिक को और मुकुलने अनमोल को हराया। कार्यक्रम में जितेंद्र कुमार, अशोक कुमार, महेश गर्ग, नवीन कुमार ने विचार रखे। मानक चंद गुप्ता, सौरभ पौदार, एसके भीम, शीलू कुमार, अभिलाष, आशुतोष गौतम का सहयोग रहा।
-----
जूनियर विंग में यंग चैंप्स
मुजफ्फरनगर। जीसी पब्लिक स्कूल की जूनियर विंग में यंग चैंप्स अंतर विद्यालय दौड़ प्रतियोगिता हुई। एक स्कूल से चार टीमों ने भाग लिया। दो आयु वर्गों में आयोजन हुआ। एक में दस साल से कम के और दूसरे वर्ग में 12 साल तक के विद्यार्थी शामिल हुए। प्रथम वर्ग में सिंपल रेस में जीसी की टीम जीती। वन लैंड रेस में स्टेपिंग स्टोंस ने प्रथम स्थान पाया। बलून रेस में एसडी पब्लिक की टीम जीती। बलून बस्टिंग रेस में भी एसडी पब्लिक विजेता रहा। सैक रेस में भी एसडी को ही सफलता मिली। आब्सटकल रेस में जीसी, थ्री लैंड रेस में जीसी, रिले रेस में एसएफ डीएवी, बाल थ्रो में जीसी पब्लिक, ब्लून बस्टिंग गेम्स में जीसी, लांग जम्प में जीसी की टीम पहले स्थान पर रही। प्रधानाचार्य सुतपा बोस ने विजेताओं को शुभकामना दी। मैडल और प्रशस्ती पत्र दिए गए।