मुजफ्फरनगर। चौधरी चरणसिंह के जन्मदिवस पर कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण योजनांतर्गत किसान सम्मान दिवस आयोजित हुआ। इस अवसर पर उन्नत खेती करने वाले जिले के किसानों को सम्मानित किया गया।
मेरठ रोड पर उपनिदेशक कृषि के कार्यालय प्रांगण में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्षा आंचल, विधायक कपिलदेव अग्रवाल, डीएम जीएस प्रियदर्शी सीडीओ अंकित कुमार अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि सरकार किसानों को बीज, खाद एवं कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दे रही है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों का 14 दिन के अंदर भुगतान हो रहा है। विधायक विक्रम सैनी ने कहा किसानों को किसान बीमा योजना, आम आदमी बीमा योजना का फायदा मिल रहा है। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि किसान वैज्ञानिक पद्धति का प्रयोग कर किसान अपनी पैदावार को बढ़ा सकते हैं और अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने कृषि विभाग को ब्लॉक स्तर पर संगोष्ठी करने, किसान पाठशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्यायों का निराकरण प्राथमिकता पर कराया जाए। उन्होंने इस अवसर पर कृषि विभाग सहित अन्य विभागो द्वारा लगाये गये स्टालों का भी अवलोकन किया।
किसान सम्मान समारोह में खरीफ 2017 में जनपद एवं विकास खंड स्तर पर सर्वाधिक उत्पादकता प्राप्त करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। कम्हेड़ा के सहेंद्र पाल को प्रति हेक्टेयर 75 क्विंटल धान की फसल के लिए प्रशस्ति पत्र एवं 7000 रुपये की धनराशि इनके खाते में भेजी गई। भोकरहेड़ी के देवेंद्र को 74.15 क्विंटल पर द्वितीय पुरस्कार 5000 एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। किसान महराज सिंह, राकेश, योगेश कुमार, गुलजार सिंह, नरेन्द्र सिंह, अरुण, श्यामो, यशपाल एवं ओमकेश को धान की फसल में अच्छी पैदावार के लिए दो-दो हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वर्ष 2016-17 में रबी फसल में गेहूं की प्रति हेक्टेयर सर्वाधिक उत्पादकता प्राप्त करने वाले पूरण सिंह ग्राम करहेड़ा को 7000 रुपये का प्रथम पुरस्कार एवं द्वितीय पुरस्कार शुक्रताल के सुंदर सिंह को 5000 रुपये दिया गया। प्रकाशी देवी, यशराज, विशम्बर सिंह, मनोज कुमार, सुरजन सिंह, मुंशी, अनिल कुमार, राजेश, प्रदीप कुमार को दो-दो हजार रुपये की धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
किसान सम्मान योजना के तहत पशु पालन विभाग द्वारा स्वामी कर्मवीर, अरविंद कुमार, रविंद्र प्रताप एवं अनुज कुमार को पुरस्कार सहित प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उद्यान विभाग द्वारा भी सुभाष चंद्र कुलश्रेष्ठ, अशोक कुमार, संकल्प कुलश्रेष्ठ एवं सुखदत्त शर्मा को पॉली हाउस में जरवेरा पुष्प उत्पादन के लिए सम्मानित किया। इसी प्रकार मत्स्य विभाग द्वारा भी हरिमोहन एवं ओमपाल को क्रमश: सात एवं पांच हजार की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी एवं भूमि संरक्षण अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
-