डीपीआरओ को प्रतिकूल प्रविष्टि
मुजफ्फरनगर। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं करने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। ईओ नगर पालिका परिषद एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को कठोर चेतावनी जारी की है।
कलक्ट्रेट के सभाकक्ष में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार लंबित शिकायतों के मामले में कठोर है। लगातार समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आ रहे हैं कि कुछ अधिकारी शिकायतों का निस्तारण समय से नहीं कर रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी के स्तर पर आईजीआरएस पोर्टल पर जुलाई 2017 के चार मामले लंबित हैं। समय बीत जाने के बाद भी निस्तारण नहीं हो पाया है। अगस्त माह के भी तीन प्रकरण लंबित हैं। लगातार शिथिलता बरते जाने के कारण और शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने पर डीपीआरओ पवन कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुजफ्फरनगर विकास सैन एवं बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी राजेश कुमार देवरार द्वारा भी आईजीआरएस पोर्टल पर डिफाल्टर श्रेणी के प्रकरण निस्तारित नहीं हो पाए हैं। मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्यक्रम में जानबूझ कर दोनों अधिकारियों ने शिथिलता और लापरवाही की। जिससे यह स्पष्ट होता है कि राजकीय कार्यों एवं अपने दायित्वों के निर्वहन में इन लोगों ने लापरवाही बरती है। अनुशासनहीनता के कारण दोनों को कठोर चेतावनी जारी की गई है। डीएम जिला स्तरीय अधिकारियों को शिकायतों को समय से निस्तारित करने के लिए कहा।