स्नेहलता उपसभापति निर्वाचित
मोरना। चीनी मिल मोरना के उपसभापति पद के चुनाव में छछरौली सर्किल की डायरेक्टर स्नेहलता दो मतों के अंतर से चुनाव जीत गईं। विजेता समर्थकों ने ढोल नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल मोरना के उपसभापति पद के लिए मंगलवार को महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज मोरना मतदान हुआ। कुल 14 डायरेक्टरों ने अपने मत का प्रयोग किया। दोपहर बाद एसडीएम जानसठ ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि छछरौली सर्किल की डायरेक्टर को आठ मत और उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहमतपुर सर्किल की डायरेक्टर रेणू को छह मत प्राप्त हुए। अन्य दो प्रत्याशियों कंवरपाल, रजत को कोई मत नहीं मिला। 12 डायरेक्टर के आलावा एक प्रतिनिधि शिक्षण संस्था व एक प्रतिनिधि शासन की ओर से नियुक्त किया गया था। वहीं ब्लाक प्रमुख अनिल राठी गुट व भाजपा युवा नेता अमित राठी गुट में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। चुनाव के दौरान मतदान स्थल पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ।
इस दौरान शोर शराबा होने पर आपस में तनातनी भी हो गई थी। जिसको लेकर दोनों पक्षों के समर्थकों में कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ते देख एसडीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने पुलिस बल के साथ भीड़ को तितर बितर करते हुए उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। मतदान स्थल पर भारी पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी की भी व्यवस्था की गई थी। एसडीएम खतौली कन्हई सिंह, सीओ भोपा राजीव कुमार गौतम, कॉलेज प्रबंधक वरुण सहरावत, राजीव कुमार, बीडीओ ब्रह्मप्रकाश सिंह, थाना भोपा प्रभारी विजय सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेंद्र शर्मा, चीनी मिल मोरना के मुख्य लेखाकार हर्षवर्धन कौशिक, एके सिंह, रजनीश श्रीवास्तव, पवन रस्तोगी, संजय माहेश्वरी, घनश्याम सिंह पांडेय आदि व्यवस्था बनाने में लगे रहे। चुनाव शांतिपूर्ण होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली और नवनिर्वाचित उपसभापति को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया।