जमीन कुर्क कर लाल झंडी लगाने पर भड़के किसान
खतौली (मुजफ्फरनगर)। राजस्व वसूली के लिए किसानों की जमीन कुर्क कर लाल झंडी लगाए जाने पर भाकियू ने सख्त रुख अख्तियार किया है। तुलसीपुर गांव में हुई किसानों की पंचायत में प्रशासन को चेताया कि अगर कर्जदार किसानों की भूमि को कुर्क करते हुए लाल झंडी लगाने की कोशिश की गई तो किसानों राजस्व विभाग की टीम को गांव में बंधक बना लेंगे। किसानों ने यह भी कहा कि किसानों का शोषण बंद नहीं हुआ तो भाकियू भाजपा के शीर्ष नेताओं का भी घेराव करेगी।
शुक्रवार को तुलसीपुर गांव में भाकियू की पंचायत हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि जिन किसानों ने बैंकों से कर्ज ले रखा है। बैंक उन किसानों पर चक्रवृद्धि ब्याज लगा रहा है। जिस किसान पर साढ़े चार लाख रुपये का कर्ज था, उस पर बैंकों ने 16 लाख रुपये कर दिया है। अब तहसील से राजस्व विभाग की टीमें गांवों में पहुंचनी शुरू हो गई हैं। कर्जदार किसानों की जमीनों को कुर्क कर लाल झंडियां लगाई जा रही हैं। प्रशासन की ओर से की जा रही जमीन कुर्की की कार्रवाई से किसानों को अपमानित होना पड़ रहा है। वह अपने घरों से बाहर तक नहीं निकल पा रहे हैं। किसानों के इस तरह के शोषण को भाकियू कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर प्रशासन को कार्रवाई करनी है कि तो उन फैक्ट्री मालिकों पर भी करे, जिन्होंने बैंकों से करोड़ों रुपया ऋण ले रखा है। उनकी फैक्ट्रियों को भी नीलाम कराने के लिए लाल झंडी लगवानी चाहिए।
राजस्व टीम ने अब तक गांव तुलसीपुर, पलड़ी में किसानों की भूमि को कुर्क करते हुए लाल झंडी लगा दी हैं और गांव समौली में तैयारी हो रही है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसानों की भूमि पर लाल झंडी लगाने राजस्व विभाग की टीम गांव में घुसी तो किसान अधिकारियों को बंधक बना लेंगे। अध्यक्षता रामानंद ने तथा संचालन रविश ने किया। पंचायत में महिपाल प्रधान, नरेश प्रधान, संतराम, रकमसिंह, नत्थूराम, मदनपाल, जयपाल, भुल्लन सिंह, प्रमोद कुमार, धर्मेन्द्र, मनोज सहरावत, जितेंद्र, शरणपाल, उमेश, आशु, गुड्डू आदि किसान मौजूद रहे।
-----------
जिन किसानों या आम आदमी पर दो लाख रुपये से अधिक का कर्ज है। उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई के लिए लाल झंडियां लगाई जा रही हैं। चेतावनी के बाद भी कर्ज जमा नहीं किया गया तो उस संपत्ति को नीलाम कर पैसा वसूला जाएगा। - अमित कुमार, तहसीलदार।
------------
प्रशासन ने कर्जदार किसानों की भूमि को कुर्क करते हुए लाल झंडी लगवाने की कार्रवाई बंद नहीं तो भाकियू चुप नहीं बैठेगी। इसके लिए भाजपा के शीर्ष नेताओं को भी घेरा जाएगा। इसके लिए गांव-गांव से किसानों को आंदोलन के लिए जोड़ा जाएगा। - राजू अहलावत, जिलाध्यक्ष भाकियू।