हरिद्वार और मेरठ रूट की बसों पर मंथन, आरएम और एसएम ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। टीपी नगर में खरीदी गई बस स्टैंड के लिए जमीन को परिवहन निगम उपयोग करने के मूड में है। प्रारंभिक रूप से यहां पर हरिद्वार और मेरठ रूट की बसों के संचालन करने पर मंथन हो रहा है। शहर के बीच में बने बस अड्डे से लगने वाले जाम पर आला अधिकारियों ने भी नजरें टेढ़ी कर ली हैं। उधर, आरएम और एसएम ने डिपो का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कचहरी रोड पर स्थापित बस डिपो से रोजाना 200 से अधिक बसों का संचालन होता है। जिनमें निगम की 138 तथा 68 अनुबंधित हैं। डिपो के पास के इन बसों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त रूप से स्थान नहीं है। रात्रि में बसों को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ता है। साथ ही दिनभर कचहरीम मार्ग जाम से जूझता है। इसको लेकर जिले के आला अधिकारियों ने भी डिपो के प्रति नाराजगी जाहिर की है। इसको लेकर डिपो अधिकारियों ने टीपी नगर में खरीदी गई नए बस स्टैंड के लिए जमीन को निर्माण होने से पहले की उपयोग करने पर मंथन किया है। यहां से हरिद्वार और मेरठ रूट की बसों को चलाए जाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि बस स्टैंड बनने तक बसों का रोटेशन बन सके। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि हरिद्वार और मेरठ रूट की बसों को टीपी नगर से संचालित करने पर विचार हो रहा है। सुविधा को देखते इस पर कार्य होगा। उधर, बुधवार को आरएम जेएन सिन्हा और एसएम श्यामबाबू ने डिपो का निरीक्षण किया। डिपो में रजिस्टर, बसों का संचालन आदि जांचा। अधिकारियों को निर्देश दिए और डिपो पर साफ-सफाई रखने के लिए कहा है।