भगत सिंह रोड पर ज्वेलरी शोरूम से पर्स चोरी पर बखेड़ा
मुजफ्फरनगर। शहर के भगतसिंह रोड स्थित ज्वैलरी शोरूम से महिला का पर्स चोरी होने पर बखेड़ा हो गया। पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया, जिस पर डायल-100 ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर एक अन्य महिला को पकड़कर उसके पास से पर्स बरामद कर लिया। पीड़िता द्वारा तहरीर दिए जाने से इंकार करने पर आरोपी महिला को भी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के भगतसिंह रोड स्थित एक ज्वेलरी शोरूम पर सोमवार को एक महिला परिजनों के साथ ज्वेलरी खरीदने गई थी। जब महिला ज्वेलरी देख रही थी, इसी दौरान उसका नकदी से भरा पर्स गायब हो गया। पर्स गायब देख महिला ने हंगामा करते हुए पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। वहीं, शोरूम मालिकान ने भी दुकान का मेन गेट लॉक करा दिया। सूचना पर पहुंची डायल-100 ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो एक महिला की संदिग्ध हरकत उसमें कैद मिली। इस पर पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेते हुए उसकी तलाशी ली तो गायब हुए पर्स बरामद हो गया। पुलिस ने पीड़ित महिला को तहरीर देने के लिए कहा, लेकिन उसने इससे इंकार कर दिया और पर्स लेकर चली गई। इसके चलते पुलिस ने भी बाद में आरोपी महिला को चेतावनी देकर छोड़ दिया।