टेनिस के परफेक्ट बस फेडरर ही हैं
मुजफ्फरनगर। विदेशी टेनिस महिला खिलाड़ियों में रोजर फेडरर की दीवानगी उनकी महानता दर्शाती है। आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट के सिंगल्स और डबल्स के मुकाबलों में चमकी टेरेजा मिहालिकोवा, अल्दिला सुतजियादी और कोयोका ओकामोरा के टेनिस आइडियल फेडरर हैं। फिलहाल वर्ल्ड टेनिस में दुनिया के नंबर तीन खिलाड़ी रोजर फेडरर 20 ग्रैंड स्लम खिताब जीतने का इतिहास रच चुके हैं।
स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा के इरादे ग्रैंड स्लम का सफर तय करने के हैं। आस्ट्रेलिया ओपन जूनियर की चैंपियन बन चुकी टेरेजा ने हाल ही में सीनियर मुकाबलों में भागीदारी की है। आईटीएफ टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना चुकी मिहालिकोवा ने कहा कि कोर्ट पर फेडरर का खेल कमाल है। उनके मैच देखकर उसने टेनिस सीखी है। इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी मानती हैं कि रोजर फेडरर जैसा टेनिस खिलाड़ी कोई नहीं हैं। चाहे हार्ड कोर्ट हो या फिर विंबलडन का ग्रास कोर्ट, उनका खेल बेमिसाल है। आंकड़े भी इस बात के हिमायती हैं। फेडरर ने छह बार आस्ट्रेलिया ओपन, आठ बार विंबलडन और लगातार पांच बार यूएस ओपन जीता है। डबल्स के फाइनल में पहुंची अल्दिला सुतजियादी की जोड़ीदार जापान की कोयोका ओकामोरा कहती हैं कि टेनिस के परफेक्ट बस फेडरर ही हैं। कोर्ट पर उनका खेल ही नहीं बल्कि एटीट्यूट भी लाजवाब है। युवा टेनिस खिलाड़ियों के लिए रोजर की प्रतिभा, क्षमता और समर्पण प्रेरक ऊर्जा है। विदेशी खिलाड़ियों के दिलों में बसी फेडरर की दीवानगी उनकी महानता दर्शाती है। स्विटजरलैंड में आठ अगस्त 1981 को जन्में छह फिट एक इंच के दाएं हाथ के खिलाड़ी फेडरर का टेनिस करियर स्वर्णिम सफलताओं से सजा है। बीजिंग ओलंपिक में रोजर ने स्वर्ण पदक जीता था।