मुजफ्फरनगर। नगरपालिका के सभासदों ने डीएसओ ऑफिस के कंप्यूटर ऑपरेटर पर राशन कार्ड बनाने में खेल करने का आरोप लगाया। डीएसओ को दिए ज्ञापन में कहा कि सेटिंग में कुछ अपात्रों के राशन कार्ड भी बना दिए गए। सभासद प्रवीण पीटर के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में कहा गया कि शहर में राशन कार्ड फिडिंग के कार्य में भ्रष्टाचार चल रहा है। प्राइवेट कर्मचारी कंप्यूटर ऑपरेटर का कार्य कर रहे हैं। ऑपरेटर अकरम का भाई दक्षिणी खालापार में लोकवाणी केंद्र चलाता है, जिसका नाम मुकर्रम है। इनके पिता इसी दफ्तर में ड्राइवर हैं। राशन कार्ड बनवाने के खेल में 500 रुपये एक कार्ड के लिए जा रहे हैं। अपात्रों को कार्ड बनाकर दिए जा रहे हैं। दूसरा ऑपरेटर शशिकांत है, जिसका रिश्तेदार इसी दफ्तर में बाबू है। दोनो ऑपरेटर मिलकर दफ्तर में पूरा भ्रष्टाचार कर रहे हैं। इन दोनों को हटाया जाये और बीते दिनों इनके द्वारा बनाये गये राशन कार्डों की जांच की जाए। कुसुमलता, ओम सिंह पाल, रिहाना, मनोज वर्मा, नरेशचंद मित्तल, राकेश त्यागी, प्रेमकुमार आदि शामिल रहे। इस संबंध में डीएसओ सुनील पुष्कर ने बताया कि जिन ऑपरेटर की शिकायत आई है, उन्हें तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।