बुढ़ाना। कस्बा व देहात क्षेत्र में पूरे हर्षोल्लास के साथ ईद मनाई गई। सभी रोजेदार शनिवार प्रात: चार बजे से ही ईद की नमाज की तैयारी में जुटे रहे। ईदगाह पर ईद की नमाज ठीक सवा आठ बजे मौलाना अहमद हसन ने पढ़वाई। कस्बे की कैथवाली मस्जिद, सितारा मस्जिद, पीरशाह विलायत वाली मस्जिद, जमा मस्जिद सहित कस्बे की कई मस्जिदों में ईद की नमाज अदा हुई। ईद की नमाज के बाद सभी नमाजियों ने मुल्क की खुशहाली व अमन चैन की दुआ की। मौलाना अहमद हसन ने कहा कि हमें नमाज ऐसे स्थान पर नहीं पढ़नी चाहिए जिससे दूसरे धर्म के लोगों को परेशानी हो। उन्होंने बीच सड़क पर नमाज अदा करने से मना किया। ईद की नमाज के बाद कस्बे व देहात क्षेत्र में ईद मिलन कार्यक्रम का सिलसिला जारी हुआ। हिंदुओं ने भी अपने मुसलमान भाईयों को ईद की बधाई दी।