किसान का बेटा बना लेफ्टिनेंट
भौराकलां (मुजफ्फरनगर)। सिसौली के किसान का बेटा अब देश की सीमाओं की सुरक्षा करेगा। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में हुई पासिंग आउट परेड में शामिल सुशील कुमार लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उनकी कामयाबी से परिवार में गर्व का माहौल है। पिता और मां ने परिजनों के साथ देहरादून पहुंचकर बेटे संग खुशियां मनाई।
कस्बे की नई आबादी निवासी किसान ब्रजपाल बालियान के छोटे पुत्र सुशील ने सेना में अधिकारी बनने का सपना पूरा कर लिया है। आईएमए की पासिंग आउट परेड में सैन्य वर्दी पहने बेटे को देख माता-पिता गौरवान्वित हैं। 383 छात्र पासिंग आउड परेड में शामिल हुए, जिनमें डीएवी इंटर कॉलेज सिसौली में पढ़े सुशील कुमार ने भी मुकाम हासिल किया। चाचा रमेश बालियान ने बताया कि बेटे की उपलब्धि पर पूरा परिवार देहरादून में है। सुशील कुमार ने इंटर के बाद शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज से बीएससी की थी। आर्मी में देश सेवा का जज्बा उसमें बचपन से ही था। पहले वह डेढ़ साल एयरफोर्स में रहा। बाद में एनडीए परीक्षा के द्वारा चयन पाकर आईएमए देहरादून में ट्रेनिंग प्राप्त की। बड़ा भाई लोमेश कुमार सहारनपुर कृषि विभाग में सहायक कृषि अधिकारी हैं। उनकी मां सुशीला देवी और पिता ब्रजपाल सिंह देश की सेना का हिस्सा बने पुत्र के जीवन के यादगार क्षणों में शामिल होने के लिए शुक्रवार को ही देहरादून चले गए थे। सुशील कुमार की पहली तैनाती पश्चिमी बंगाल के जूनागढ़ में हुई है। उनके कसबे में आने का लोगों को इंतजार है।