मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य शनिवार से प्रारंभ हो गया। पहले दिन परीक्षकों को मूल्यांकन कार्य समझाया गया। उपप्रधान परीक्षकों को उत्तरपुस्तिकाएं देकर मूल्यांकन का मुहूर्त किया गया। हालांकि चारों केंद्रों पर विभिन्न विषयों की कापियों की जांच की गई। एक शिक्षक को 45 से 50 कापियों के मूल्यांकन करने की जिम्मेदारी दी गई है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की मेहनत का गुणा-भाग प्रारंभ हो गया है। जिले में मूल्यांकन के लिए चार सेंटर बनाए गए हैं। केंद्र पर कड़ी सुरक्षा रखी गई है। पहली बार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कापियों के जांचने का कार्य किया जा रहा है। शहर में हाईस्कूल की कापियों के लिए ग्रेन चेंबर इंटर कालेज और इस्लामिया इंटर कालेज तथा इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने के लिए जीआईसी और डीएवी इंटर कालेज सेंटर बनाए गए हैं। सुबह करीब आठ बजे मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों को तैनात किया गया। हालांकि पहले दिन मूल्यांकन कार्य को समझा गया है। इसके लिए उपप्रधान परीक्षकों को 20-20 कापियां देकर मूल्यांकन कराया गया। दोपहर के बाद सेंटरों पर अनेक विषयों की कापियां खुली, जिनका मूल्यांकन हुआ। जीआईसी के प्रधानाचार्य एवं मूल्यांकन प्रभारी रमेशचंद शर्मा ने बताया कि पहले दिन मूल्यांकन कार्य को समझाया गया है। रविवार से मूल्यांकन कार्य रफ्तार पकड़ेगा।
एक शिक्षक पर 45 से 50 कॉपी का जिम्मा
मुजफ्फरनगर। हाईस्कूल वर्ग के लिए एक शिक्षक पर 50 कॉपियों को जांचने की जिम्मेदारी रहेगी, जबकि इंटरमीडिएट में 45 कापियों को एक शिक्षक जांचेगा। इसको लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। डीआईओएस मुनेश कुमार ने बताया कि शनिवार से सकुशल मूल्यांकन शुरू हो गया है। 31 मार्च तक मूल्यांकन कार्य होगा। एक केंद्र पर करीब डेढ़ लाख से अधिक उत्तरपुस्तिकाओं की जांच होगी।
शिक्षकों का धरना, दोपहर बाद माने
मुजफ्फरनगर। माध्यमिक शिक्षकों ने पहले दिन मूल्यांकन का बहिष्कार कर डीआईओएस कार्यालय में धरना दिया। शिक्षकों ने अपनी अनेक मांगे रखी। इन्हें पूरा होने तक कार्य करने से हाथ खड़े कर दिए। इसको लेकर डीआईओएस कार्यालय में काफी अफरातफरी मची रही। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के मंत्री हेमंत कुमार विश्नोई ने बताया कि शिक्षकों ने अपनी मांग को लेकर धरना देकर मूल्यांकन का बहिष्कार किया था। विभाग और शिक्षकों के बीच वार्ता के बाद धरना 22 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। रविवार से सभी शिक्षक मूल्यांकन कार्य में भाग लेंगे।