बाइक से बालक घायल, मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के मिमलाना रोड पर बाइक की चपेट में आकर बालक घायल हो गया। लोगों ने बाइक सवार की धुनाई कर दी। लोगों ने उसकी बाइक भी छीन ली। दोनों पक्ष अलग-अलग संप्रदाय के होने के कारण वहां तनातनी बन गई। सूचना पर पुलिस अफसरों ने मौके पर जाकर लोगों को समझाबुझा कर शांत किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संगीन आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मिमलना रोड निवासी शिव कुमार अपने बच्चों के साथ घर आ रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां से तेजी से आए, जिससे एक बच्चा चपेट में आकर घायल हो गया। शिवकुमार ने मुजम्मिल नामक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। इसी दौरान लोग आ गए और पकड़े युवक की धुनाई कर उसकी बाइक भी कब्जे में ले ली। कुछ समय बाद दूसरे पक्ष के भी लोग आ जाने से तनातनी बन गई। आरोपी पक्ष के लोगों ने पुलिस को मारपीट कर बाइक लूटने की सूचना दी। इस पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। तनातनी के जानकारी पर सीओ सिटी हरीश भदौरिया भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने दोनों पक्षों को समझा बुुझा कर शांत किया। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है। इंस्पेक्टर शहर कोतवाली संजीव शर्मा ने बताया कि बाइक की साइड लगने से बालक घायल होने पर लोगों ने युवक से मारपीट की। युवक के साथियों ने बाइक लूट की सूचना पुलिस को दी थी। मामला बच्चे के घायल होने पर मारपीट का पाया गया।पुलिस कार्रवाई कर रही है।
सपा नेता ने कांग्रेस नेता के
खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पर लोहिया बाजार निवासी सपा नेता गौरव जैन ने अली मतलूब नामक कांग्रेस नेता के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। सपा नेता का आरोप है कि उक्त कांग्रेस नेता ने फेसबुक पर उसके खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की है, जिससे उसकी राजनीतिक व सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेरठ पुलिस ने दी दबिश
मुजफ्फरनगर। मेरठ पुलिस ने यहां आकर लूट के आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, मगर कोई भी आरोपी हाथ नहीं लग सका।
मेरठ जिले की मवाना कोतवाली के उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि मोहल्ला करीमनगर निवासी नईम और रहमतनगर निवासी साबिर कुरैशी उनके यहां लूट के मामले में वांछित चल रहे हैं। आरोपी हाथ नहीं लगने से मवाना पुलिस खाली हाथ लौट गई।
सड़क हादसे में युवक घायल
मुजफ्फरनगर। नई दिल्ली के मालवीय नगर निवासी अनुराग पुत्र सूबेसिंह को गुप्ता रिसोर्ट के सामने अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।