जमीयत उलेमा के शांति मार्च को लेकर अलर्ट
मुजफ्फरनगर। पुलिस महकमा जमीयत-ए- उलमा के शांति मार्च को लेकर अलर्ट हो गया है। एसपी सिटी ने थानाध्यक्षों को सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। उलमा संगठन के कार्यकर्ता रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में शांति मार्च निकालेंगे। पदाधिकारियों ने भी आला अफसरों से मिलकर की मार्च का रूट और उद्देश्य बताया है।
राष्ट्रीय सद्भावना और एकता के लिए जमीयत-ए उलमा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रविवार को शांति मार्च निकालेंगे। संगठन का मार्च खतौली, पुरकाजी, मीरापुर, मोरना, बुढ़ाना, जानसठ, चरथावल आदि क्षेत्रों में निकाला जाएगा। इसको लेकर पुलिस फोर्स भी अलर्ट हो गया है। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने संबंधित क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को पत्र भेजकर मार्च पर निगरानी रखने और सुरक्षा को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शांति मार्च से पहले रूट की जांच-पड़ताल के साथ भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष रूप से व्यवस्था करने के लिए कहा है। उलमा के जिला महासचिव कारी जाकिर हुसैन ने बताया कि शांति मार्च रविवार को विभिन्न क्षेत्रों से प्रारंभ होकर कलक्ट्रेट में संपन्न होगा।