अयोध्या में पकड़े युवकों के पते सही मिले
मुजफ्फरनगर। अयोध्या में विवादित परिसर के रेड जोन में घुसने वाले खालापार के दोनों संदिग्धों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। फैजाबाद पुलिस की सूचना के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने खालापार स्थित मौहम्मद खालिद और मौहम्मद फाजिल के पते तस्दीक किए। परिजनों ने बताया कि दोनों कपड़े बेचने के लिए लखनऊ साइड में गए हैं।
फैजाबाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को अयोध्या के अति संवेदनशील क्षेत्र अधिग्रहित परिसर (रेड जोन) में स्कूटर लेकर घुसे दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। जिन्होंने पूछताछ में खुद को मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी खालिद और मौहम्मद फाजिल बताया। वह फेरी लगाकर कपड़ा बेचते हैं। पुलिस वर्दी का कपड़ा बेचने ये यहां आए थे। दोनों के पकड़े जाने पर फैजाबाद पुलिस ने मुजफ्फरनगर पुलिस से संपर्क कर दोनों के बारे में जानकारी कराई। साथ ही इनके पते तस्दीक करने को कहा। इस बात की भी जानकारी मांगी कि इनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं। शहर कोतवाली पुलिस ने दक्षिणी खालापार में जाकर दोनों के मकानों को तलाश किया। दोनों के पते सही पाए गए।
खालिद का पिता अरशद और फाजिल का पिता अमीन काम के सिलसिल में बाहर गए हुए हैं। घरों पर दोनों की मां और अन्य परिजन मिले। बताया कि दोनों एक की कुटुंब से हैं और परिवार के अन्य युवक भी फेरी लगाकर कपड़ा बेचते हैं। इसके बाद पुलिस ने शहर के तीनों थानों पर इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी की, तो इसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं मिला। देर रात यहां पुलिस ने फैजाबाद पुलिस जांच-पड़ताल के बारे में जानकारी दी। इस मामले के सामने आने पर परिजन अयोध्या रवाना हो गए।
दो युवक अयोध्या में पकड़े गए हैं, इनके बारे में जानकारी मांगी गई थी। दक्षिणी खालापार में इनके पते की पुष्टि हो गई। घर पर परिजन मिले, जिन्होंने बताया कि दोनों कपड़ा बेचने गए हैं। पुलिस रिकार्ड में भी इनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं मिला है। - ओमवीर सिंह, एसपी सिटी मुजफ्फरनगर।